वर्षा बाधित मुकाबले में नोएडा सुपरकिंग्स को आठ विकेट से हराया
रिजवी ने खेली 39 गेंदों में 91 रनों की नाबाद धुआंधार पारी
Kanpur । इम्पैक्ट प्लेयर समीर रिजवी (91) के नाबाद अर्द्धशतक के दम पर कानपुर सुपरस्टार ने शनिवार को खेले गये वर्षा बाधित दूसरे मुकाबले में नोएडा सुपरकिंग्स को आठ विकेट से हराकर प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। 12-12 ओवर के इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नोएडा ने छह विकेट पर 128 रनों का स्कोर बनाया। जवाब में कानपुर ने 10.4 ओवर में दो विकेट पर 130 रन बनाते हुए टीम को जीत दिलायी। इस जीत से कानपुर आठ मैचों में चार अंक लेकर अभी भी प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है वहीं नोएडा 9 मैचों में आठ अंक लेकर चौथे स्थान पर बनी हुई है।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर की शुरुआत काफी निराशाजनक रही। कुणाल त्यागी ने पहले ही ओवर की दूसरी गेंद पर कप्तान आदर्श सिंह को बिना खाता खोले क्लीन बोल्ड किया। दूसरे ओपनर प्रियांशु पाण्डेय (6) को प्रशांतवीर को क्लीन बोल्ड कर कानपुर को 37 रनों पर दूसरा झटका दिया। हालांक इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतरे समीर रिजवी ने अभिषेक पाण्डेय के साथ मिलकर टीम को 10.4 ओवर में दो विकेट पर 130 रन बनाते हुए आठ विकेट से जीत दिलायी।

समीर ने 39 गेंदों में 11 चौके व 5 छक्कों की मदद से नाबाद 91 तथा अभिषेक ने 17 गेंदों में एक चौका व तीन छक्के लगाकर नाबाद 31 रन बनाए। नोएडा से दोनों विकेट प्रशांतवीर ने लिए।
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नोएडा सुपर किंग्स को शोएब सिद्दकी (20) और माधव कौशिक (31) ने अच्छी शुरुआत दिलाई। सलामी बल्लेबाज शोएब को अजय कुमार व माधव को यशोवर्धन ने पवेलियन की राह दिखाई। सलामी जोड़ी के पवेलियन लौटने के बाद पिच पर आए रवि सिंह (0) और अनिवेश चौधरी (7) ने भी निराश किया। विकेटकीपर बल्लेबाज आदित्य शर्मा (1) भी यशोवर्धन की फिरकी में फंसे।

लगातार गिरते विकेटों के बीच एक छोर पर डटे कप्तान प्रशांतवीर ने 27 गेंदों पर तीन चौके व पांच छक्कों की मदद 50 रन की नाबाद शतकीय पारी खेलते हुए टीम को 12 ओवर में छह विकेट पर 128 रन तक पहुंचाया। अन्य बल्लेबाजों में शिवा सिंह (3) और कार्तिक सिद्धू (9) रन ही बना सके। कानपुर सुपर स्टार से यशोवर्धन ने तीन, अजय कुमार ने दो व शुभम मिश्रा ने एक विकेट चटकाया।


