Kanpur। कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा पहली बार अंडर-13 में आयोजित की गयी प्रथम सुनील तिवारी स्मारक क्रिकेट प्रतियोगिता के सोमवार को खेले गये खिताबी मुकाबले में आरवीएस एकेडमी ने क्रिक आईटी क्रिकेट एकेडमी को तीन विकेट से हराकर चैम्पियन का ताज अपने नाम किया। खास बात यह रही कि विजेता टीम के कोच की कमान नगर निगम के पूर्व क्रीड़ा अधिकारी जफर आलम खान संभाल रहे हैं।
जिन्होंने अपना कार्यकाल पूरा होने के बाद सप्रू मैदान में क्रिकेट प्रशिक्षण देना प्रारम्भ किया है।कानपुर साउथ मैदान में खेले गये इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी क्रिक आईटी एकेडमी की पूरी टीम 34.4 ओवर में 150 रन बना सकी। टीम से शिवांस कुमार सिंह ने सर्वाधिक 32 रन बनाए वहीं गेंदबाजी में देवेश कार्तिक ने पांच और विराज पाल ने दो विकेट लिए।
जवाब में आरवीएस एकेडमी ने आयुष चौधरी के नाबाद 41, मेधांश मिश्रा के 23 तथा हर्षवर्द्धन पंत के 22 रनों की मदद से 34.5 ओवर में सात विकेट पर 152 रन बनाते हुए जीत दर्ज की। देवेश कार्तिक को मैन ऑफ द मैच चुना गया।


