Kanpur । गोरखपुर में आयोजित सीआईएससीई नेशनल स्कूल स्पोर्ट्स गेम्स में कानपुर के युवा निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर शहर का नाम रोशन किया। बर्रा-8 स्थित विजन एंड रिफ्लेक्शन हाई परफॉर्मेंस शूटिंग एकेडमी के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में एक स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया।
सेंट जूड्स स्कूल, मोहद्दीपुर में 3 से 6 अगस्त तक आयोजित प्रतियोगिता में द चिंटल्स स्कूल के रुद्रांश बाजपेयी ने अंडर-14 बालक वर्ग की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं एसआर एजुकेशन सेंटर के पार्थ सार्थी ने इसी वर्ग में रजत पदक हासिल किया।
एकेडमी के कोच एवं सचिव मयंक खाड़े ने बताया कि दोनों खिलाड़ियों की सफलता से एकेडमी के अन्य निशानेबाज भी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि लगातार प्रशिक्षण और अनुशासन का ही यह परिणाम है।
एकेडमी की संयोजक संध्या देवी, डॉ. देवेंद्र सिंह तथा अंतरराष्ट्रीय पैरा राइफल शूटर एवं पैरा शूटिंग कोच मोहम्मद उमर ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाली राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी ये खिलाड़ी कानपुर और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।


