Kanpur । कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी का एक कीमती मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिससे पहले दर्ज मोबाइल चोरी के मामले का भी खुलासा हो गया।
संयुक्त टीम स्टेशन परिसर में गश्त और सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई तो उसके पास से चोरी का मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ में सामने आया कि बरामद मोबाइल पूर्व में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित है। इसके बाद पुलिस ने संबंधित मुकदमे में आवश्यक धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
आरपीएफ और जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा तथा अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा के दौरान अपने मोबाइल और अन्य सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे हेल्पलाइन 139 या निकटतम आरपीएफ पोस्ट अथवा जीआरपी को दें।


