Kanpur । कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन से आबद्ध व वाईएमसीसी क्रिकेट क्लब की ओर से आयोजित मुक्तामालवीय स्मारक क्रिकेट प्रतियोगिता में गुरुवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में केडीएमए ने कानपुर साउथ को पांच विकेट से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। अब खिताबी मुकाबला रोवर्स क्लब और केडीएमए के बीच खेला जाएगा।
किदवई नगर स्थित कानपुर साउथ-ए मैदान पर कानपुर साउथ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवर में आठ विकेट पर 201 रन बनाए। टीम की ओर से सागर शर्मा ने 60 रन की अर्द्धशतकीय पारी खेली, जबकि पृथ्वीराज चौहान ने 32 और रौनक सिंह ने 28 रन जोड़े। केडीएमए की गेंदबाजी में माधव गुप्ता ने चार और अभिनव शर्मा ने दो विकेट झटके।
जवाब में केडीएमए ने 32 ओवर में पांच विकेट खोकर 203 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। जीत के नायक रिषभ मिश्रा रहे, जिन्होंने शानदार शतकीय पारी खेलते हुए 103 रन बनाए। सुधांशु चौहान ने 33 रन का योगदान दिया, जबकि माही कटियार और सौरभ सिंह ने क्रमशः 25 व 26 रन बनाए। कानपुर साउथ की ओर से सूर्यदीप और अमन ने दो-दो विकेट लिए।मैच का प्लेयर ऑफ द मैच रिषभ मिश्रा को चुना गया। यह जानकारी आयोजन सचिव मनीष मालवीय ने दी।


