प्लेऑफ और फाइनल के लिए रखा गया एक दिन सुरक्षित
Kanpur । यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन के प्ले आफ मुकाबलों के लिए रिजर्व डे सुरक्षित किए गए हैं। कानपुर में हो रही लगातार बारिश को देखते हुए फाइनल समेत प्लेऑफ मैचों को लखनऊ शिफ्ट किया गया। लीग काउंसिल को यह भी डर सताने लगा है कि कहीं लखनऊ में भी बारिश खलल न डाले इसके लिए उसने पांच और सात सितम्बर को रिजर्व डे रखने का फैसला किया है।
गौरतलब है कि अभी तक लीग में कुल 28 मुकाबले खेले गये हैं जिसमें 14 मैचों में बारिश ने खलल डाला। लखनऊ में कुल 22 लीग मैच में 10 में बारिश ने पूरे ओवर के मैच नहीं होने दिए। कानपुर में अभी तक हुए छह मुकाबलों में चार ने बारिश ने बाधा डाली, इसमें एक मैच तो पूरी तरह वर्षा की भेंट चढ़ा और रद हो गया।
यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन डा.संजय कपूर ने बताया कि प्लेऑफ काफी अहम मुकाबले होते है जिसके निर्णय ही विजेता तय करते हैं। इसलिए हम चाहते हैं कि सभी मुकाबले पूरे ओवर के खेले जाए। उन्होंने बताया कि तीन व चार सितम्बर को प्लेऑफ मैच होने थे जो यथावत रहेंगे। इसके बाद एक दिन का ब्रेक था जिसे रिजर्व डे रखने का फैसला किया है।
इसके अलावा छह सितम्बर को होने वाले फाइनल मैच के लिए हमने टूर्नामेंट को एक दिन आगे तक ले जाने का फैसला किया है। यदि छह सितम्बर को मैच पूरा नहीं हो पाता तो उसे अगले दिन यानी सात सिम्तबर को कराया जायेगा। उन्होंने बताया कि पहली बार यूपी टी-20 लीग में इस प्रथा की शुरुआत की जा रही है। इसके पीछे का उद्देश्य खेल को प्राथमिक्ता देना है।
—


