Kanpur । दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की राज्य निधि योजना के अंतर्गत बुधवार को अंध विद्यालय, नेहरू नगर के 70 दृष्टिबाधित दिव्यांग बच्चों को शैक्षणिक भ्रमण के लिए प्रयागराज स्थित इलाहाबाद संग्रहालय रवाना किया गया। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन ने सर्किट हाउस से दो वातानुकूलित बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान 10 सहयोगी स्टाफ, चिकित्सक दल और पुलिस बल भी बच्चों के साथ मौजूद रहा।

इलाहाबाद संग्रहालय में 4 मई से 30 मई 2026 तक भारत के विश्व प्रसिद्ध स्मारकों और भारतीय वन्यजीवों के त्रिआयामी प्रतिरूपों की विशेष प्रदर्शनी आयोजित की गई है। प्रदर्शनी का उद्देश्य दृष्टिबाधित बच्चों के शैक्षणिक और सामान्य ज्ञान में वृद्धि करना है। विभाग की समय-सारणी के अनुसार प्रदेश के आठ मंडलों के दिव्यांग बच्चों को अलग-अलग तिथियों पर भ्रमण के लिए आमंत्रित किया गया है। बुधवार को कानपुर मंडल के बच्चों का भ्रमण निर्धारित था।
प्रदर्शनी में गेटवे ऑफ इंडिया, गोल्डन टेम्पल, कुतुब मीनार, विवेकानंद रॉक मेमोरियल, ताजमहल, काशी विश्वनाथ मंदिर और हवा महल समेत देश के कई प्रसिद्ध स्मारकों के त्रिआयामी मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं। इन मॉडलों के माध्यम से कक्षा छह और उससे ऊपर के दृष्टिबाधित बच्चों को स्पर्श और अनुभव के आधार पर जानकारी दी जाएगी।इसके अलावा बच्चों को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने और इलाहाबाद संग्रहालय के ऑडिटोरियम में ज्ञानवर्धक चलचित्र देखने का अवसर भी मिलेगा।


