दबंगई दिखाने वाले आरोपियों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, डीसीपी के निर्देश पर पैदल घुमाया गया
Kanpur। बर्रा क्षेत्र में वर्चस्व कायम कर दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे कथित ‘रवाड़ा गैंग’ के आरोपियों पर मंगलवार को पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। बर्रा थाना पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद शास्त्री चौक क्षेत्र में पैदल जुलूस निकाला और उनसे कान पकड़कर दोबारा अपराध न करने की माफी मंगवाई।
पुलिस के अनुसार, कमिश्नरेट के दक्षिण जोन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डीसीपी दीपेंद्र नाथ चौधरी और एडीसीपी (क्राइम) सुमित सुधाकर रामटेके के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी रवीन्द्र श्रीवास्तव और जनता नगर चौकी प्रभारी यशवीर सिंह ने पुलिस टीम के साथ छापेमारी कर आरोपियों को हिरासत में लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने कानून का संदेश देने के उद्देश्य से आरोपियों का शास्त्री चौक से पैदल जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपी कान पकड़कर माफी मांगते नजर आए। जुलूस के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और राहगीर मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों ने पुलिस की कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश बताया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में गुंडागर्दी, दबंगई और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


