Kanpur । कल्याणपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने रेपिडो स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी पर पीछे बैठे युवक फैजान (30) की डंपर के पहिये के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटी चला रहा प्रांजुल मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायल को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया है।
बर्रा निवासी फैजान मेडिकल उपकरण बेचने वाली एसए हेल्थ टेक कंपनी में करीब तीन महीने से काम कर रहा था। बुधवार सुबह वह बिठूर स्थित पारस अस्पताल में होने वाले हार्ट ऑपरेशन के लिए जरूरी उपकरण लेकर रेपिडो स्कूटी से जा रहा था। डीपीएस स्कूल के पास तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। इसी दौरान डंपर चालक ने वाहन लेकर भागने का प्रयास किया और फैजान उसकी चपेट में आ गया।
हादसे में फैजान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल प्रांजुल को पुलिस ने हैलट अस्पताल भेजा। परिजनों के मुताबिक फैजान की दिसंबर में शादी तय थी। उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है।
कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि डंपर चालक की तलाश में दो पुलिस टीमें लगाई गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।


