दशहरी, चौसा, लंगड़ा समेत दुर्लभ किस्मों की प्रदर्शनी देखने उमड़ी भीड़
।Kanpur । किदवई नगर स्थित राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के संस्कार मैदान में मंगलवार को आयोजित आम महोत्सव में आम की मिठास और खुशबू ने ऐसा समां बांधा कि हजारों लोग आयोजन का हिस्सा बनने पहुंच गए। देश के अलग-अलग राज्यों और जिलों से आए आम उत्पादकों ने अपनी बेहतरीन किस्मों का प्रदर्शन किया, जिन्हें देखने और उनके बारे में जानने के लिए लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया।

महोत्सव का उद्घाटन सांसद रमेश अवस्थी ने किया। उन्होंने कहा कि भारतीय कृषि की पहचान केवल खेतों तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों की मेहनत देश की समृद्धि की आधारशिला है। ऐसे आयोजनों से किसानों को अपनी उपज का बेहतर बाजार मिलने के साथ नई पहचान भी मिलती है। इस दौरान सांसद ने विभिन्न जिलों से आए आम उत्पादक किसानों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया।
दशहरी से लेकर चौसा तक ने जीता दिल
प्रदर्शनी में दशहरी, लंगड़ा, चौसा, सफेदा सहित 100 से अधिक प्रजातियों के आम प्रदर्शित किए गए। हर स्टॉल पर लोगों की भीड़ रही। आगंतुकों ने अलग-अलग किस्मों के स्वाद, रंग, आकार और विशेषताओं की जानकारी ली। कई दुर्लभ प्रजातियां लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
रंजीत को देखने उमड़ी भीड़
महोत्सव में प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता रंजीत की मौजूदगी ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। जैसे ही वे कार्यक्रम स्थल पहुंचे, लोगों की भीड़ उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए उमड़ पड़ी। उन्होंने भी लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए आयोजन की सराहना की।
किसानों का हुआ सम्मान, जन्मदिन भी बना खास
कार्यक्रम में कानपुर देहात के कुलदीप सचान, भीतरगांव के वीरेंद्र कुमार, घाटमपुर के एच.बी. सिंह, सीतापुर के देवेंद्र वर्मा, लखनऊ की नदीम नर्सरी समेत विभिन्न जिलों से आए आम उत्पादक किसानों को सम्मानित किया गया। इसी दौरान सांसद रमेश अवस्थी के पुत्र सचिन अवस्थी का जन्मदिन भी मनाया गया, जिस पर मौजूद लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
महोत्सव में विधायक महेश त्रिवेदी, राहुल बच्चा सोनकर, सलिल बिश्नोई, सरोज कुरील, भाजपा जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।


