Kanpur। महात्मा कप क्रिकेट टूर्नामेंट का सेमीफाइनल मुकाबला सोमवार को रोमांच पर रह। पीएन राय इलेवन और राज वर्मा इलेवन के बीच खेला गया मैच निर्धारित ओवरों में टाई रहा, जिसके बाद विजेता का फैसला सुपर ओवर से हुआ। रोमांचक सुपर ओवर में राज वर्मा इलेवन ने बाजी मारते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया।
जाजमऊ स्थित रोवर्स मैदान पर खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए राज वर्मा इलेवन ने 25 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 187 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से श्रेयस कुशवाहा ने शानदार 88 रन की पारी खेली, जबकि श्रेयस कटियार ने 42 रन का योगदान दिया। पीएन राय इलेवन की ओर से विरल सचान ने दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पीएन राय इलेवन ने भी शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और 25 ओवर में छह विकेट पर 187 रन बनाकर मुकाबला बराबरी पर समाप्त कर दिया। टीम की ओर से चांद बाबू ने 36 और अरमान अजमल ने 31 रन बनाए। राज वर्मा इलेवन के लिए श्रेयस कटियार ने दो विकेट झटके।
मैच टाई होने के बाद विजेता का फैसला सुपर ओवर से किया गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पीएन राय इलेवन ने एक ओवर में दो विकेट खोकर 12 रन बनाए। जवाब में राज वर्मा इलेवन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मात्र पांच गेंदों में 16 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।शानदार बल्लेबाजी करते हुए 88 रन बनाने वाले श्रेयस कुशवाहा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।


