Kanpur। खांडेकर क्रिकेट अकादमी की ओर से आयोजित प्रथम एसकेएमके अंडर-12 क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल रचित एकादश बनाम आनंदेश्वर एकादश के बीच मंगलवार को खेला जाएगा। सेमीफाइनल मुकाबलों में रचित ने स्मैश एकादश को 87 और आनंदेश्वर एकादश ने मोरिया एकादश को एक विकेट से पराजित कर फाइनल का टिकट हासिल किया।
मंगलवार को नवाबगंज स्थित वीएसएसडी कालेज मैदान में खेले गए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में रचित एकादश ने 25 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 195 रन बनाए। कार्तिक ने 56 और अथर्व ने 51 रन बनाए। गेंदबाजी में स्मैश के अनुभव ने दो विकेट लिए। जवाब में स्मैश एकादश 19.2 ओवर में नौ विकेट पर 108 रन ही बना सका और रचित एकादश ने मुकाबले में 87 रन की जीत हासिल की। मैच में कार्तिक और देवेश को तीन-तीन विकेट के लिए मैन आफ द मैच चुना गया।
दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में मोरिया एकादश ने 24.1 ओवर में 10 विकेट पर 96 रन बनाए। जवाब में आनंदेश्वर एकादश ने लक्ष्य को 24वें ओवर में नौ विकेट पर 100 रन बनाकर हासिल किया। मैच में पांच विकेट लेने वाले चाइनामैन गेंदबाज सिद्धांत को मैन आफ द मैच चुना गया।


