23 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन, 30 को होगी सीबीटी
Kanpur। हज-2027 के लिए यात्रियों को प्रशिक्षण देने वाले प्रशिक्षकों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने 11 से 23 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। हज कमेटी की ओर से सात अगस्त को प्रशिक्षकों के चयन संबंधी सर्कुलर जारी किया गया है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अमित प्रताप सिंह ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी केवल ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
प्रशिक्षकों के चयन के लिए कंप्यूटर बेस्ड परीक्षा (सीबीटी) 30 अगस्त को होगी। इसमें शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों का साक्षात्कार एक से छह सितंबर तक होगा। चयनित प्रशिक्षकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण सितंबर के अंतिम सप्ताह में मुंबई में प्रस्तावित है।
।
एक प्रशिक्षक का चयन 150 हज आवेदकों पर किया जाएगा। पुरुष और महिला प्रशिक्षकों का चयन यात्रियों की संख्या के अनुपात में होगा। अभ्यर्थी की न्यूनतम योग्यता इंटरमीडिएट या समकक्ष होनी चाहिए। सात अगस्त 2026 को आयु 25 से 60 वर्ष के बीच होना जरूरी है। पिछले पांच वर्षों में हज किया होना भी अनिवार्य है।
अभ्यर्थी को हिंदी, उर्दू, अंग्रेजी और स्थानीय भाषा का ज्ञान, कंप्यूटर दक्षता तथा हज सुविधा एप की जानकारी होनी चाहिए। हज के अरकान की जानकारी और समूह को संबोधित व नियंत्रित करने का अनुभव भी जरूरी है। सरकारी चिकित्सक का फिटनेस प्रमाणपत्र चयन के बाद देना होगा।
सीबीटी 100 और साक्षात्कार 20 अंकों का होगा। दोनों में अलग-अलग न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक हासिल करना अनिवार्य है। परीक्षा में 50 प्रश्न होंगे और प्रत्येक प्रश्न दो अंक का होगा। गलत उत्तर पर 0.50 अंक की कटौती होगी। परीक्षा के लिए एक घंटे का समय निर्धारित है।


