Kanpur। जेएनटी स्पोर्ट्स वेलफेयर फाउंडेशन की 14वीं जेएनटी अंडर-12 क्रिकेट लीग में गुरुवार को पहले मैच में प्राइम एनलाइटेन इलेवन ने स्वास्तिक इंटरनेशनल इलेवन को 40 रन से मात दी। दूसरे मैच में बालमोल इलेवन ने एसएनके इलेवन को सात विकेट से पराजित किया।
किदवईनगर स्थित साउथ-बी मैदान पर खेले गए पहले मैच में प्राइम एनलाइटेन इलेवन टीम ने 25 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 161 रन बनाए। टीम से आकाश ने नाबाद 66 रन बनाए, तो गेंदबाजी में विशाल सिंह ने दो, हर्षवर्धन, उत्कर्ष, अदविक ने एक-एक विकेट चटकाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्वास्तिक इंटरनेशनल इलेवन की टीम 25 ओवर में आठ विकेट पर 121 रन ही बना सकी।
टीम से आदित्य शर्मा ने सर्वाधिक 45 रन बनाए, तो गेंदबाजी में दीपांशु व विवान शर्मा ने दो-दो, शिवांश राय, अविनव व कार्तिक ने एक-एक विकेट लिया। प्लेयर ऑफ द मैच प्लेयर ऑफ द मैच आकाश को चुना गया। दूसरे मैच में साउथ मैदान-ए पर दूसरे मैच में एसएनके इलेवन ने 25 ओवर में चार विकेट पर 159 रन बनाए। टीम से साहिल पाल ने 75 रन व रक्षित सिन्हा ने 51 रन की पारी खेली, तो गेंदबाजी में निशांत व यासिर ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए बालमोल इलेवन ने 23.2 ओवर में तीन विकेट के पतन पर 161 रन बनाकर मैच जीता।
जीत में मुदित ने नाबाद 68 रन की पारी खेली व शिवाय ने 41 रन का योगदान दिया, तो गेंदबाजी में वंश ने एक को आउट किया। 68 रन की पारी खेलने वाले मुदित को प्लेयर ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया।


