Kanpur। कैंट स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय कानपुर में लखनऊ संभाग की अंडर-17 बालिका क्रिकेट टीम का प्रशिक्षण शिविर मंगलवार से शुरू हो गया। एक अक्तूबर तक चलने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों को आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए तैयार किया जा रहा है।
विद्यालय के प्रिंसिपल सोम पाल की देखरेख में आयोजित शिविर में खिलाड़ियों को क्रिकेट की तकनीक, फिटनेस, खेल कौशल और मैच की रणनीति से संबंधित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शारीरिक व स्वास्थ्य शिक्षा शिक्षक दीपक कुमार खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। लखनऊ संभाग की टीम में कानपुर के केंद्रीय विद्यालयों की खिलाड़ियों की भी अच्छी भागीदारी है।
पीएमश्री केवी नंबर-1 एयरफोर्स चकेरी कानपुर की काशिश, केंद्रीय विद्यालय आईआईटी कानपुर की अवनी सेंगर और सिया, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय कानपुर कैंट की सान्विका वर्मा, मन्नत और सृष्टि विश्वकर्मा का चयन टीम में हुआ है। इनके अलावा पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय गोमतीनगर लखनऊ की अनुष्का यादव, सौम्या यादव, समृद्धि जैसवाल, पीएलश्री केंद्रीय विद्यालय अलीगंज लखनऊ की शिवांशी सिंह, रिया राठौर, दानिश रहमान, पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय अकबरपुर कानपुर देहात की आदिति यादव को टीम में शामिल किया गया है।
शिविर में प्रशिक्षण के बाद लखनऊ संभाग की अंडर-17 बालिका क्रिकेट टीम दिल्ली के लिए रवाना होगी, जहां 55वें केवीएस नेशनल स्पोर्ट्स मीट के क्रिकेट अंडर-17 बालिका वर्ग की प्रतियोगिता तीन से सात अक्तूबर तक आयोजित होगी। टीम के साथ प्रिया सोनी और प्रशंसा शिवहरे एस्कॉर्ट के रूप में रहेंगी।


