Tuesday, July 7, 2026
HomeखेलKanpur : प्रयागराज रुद्रास फाइनल में, बारिश से झांसी-फतेहपुर का मुकाबला अधूरा

Kanpur : प्रयागराज रुद्रास फाइनल में, बारिश से झांसी-फतेहपुर का मुकाबला अधूरा

दीपांशु की तूफानी पारी और संगम-अमन की घातक गेंदबाजी, वाराणसी को छह रन से हराया

Kanpur। यूपीटी-20 लीग के चौथे सीजन से पहले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की तलाश के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय रुद्रास कप के पहले दिन मंगलवार को टाटमिल स्थित जेके लोको मैदान पर दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में प्रयागराज रुद्रास ने वाराणसी रुद्रास को छह रन से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया, जबकि दूसरा मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया।

अब फतेहपुर रुद्रास और झांसी रुद्रास के बीच शेष मैच बुधवार को खेला जाएगा, जिसके विजेता का सामना फाइनल में प्रयागराज रुद्रास से होगा।पहले मुकाबले में प्रयागराज रुद्रास ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 201 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। आकाश अंटिल ने 44, हर्षित प्रताप ने 42, दीपांशु सिंह ने 41 और अर्पित साहू ने 33 रन का योगदान दिया।

वाराणसी की ओर से विक्रम सिंह ने तीन जबकि जयंत ने एक विकेट लिया। 202 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वाराणसी रुद्रास की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 195 रन ही बना सकी। अर्जुन त्यागी ने 61 रन की शानदार पारी खेली, जबकि शिवांश यादव 29 और अमन चौधरी 25 ने भी संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। प्रयागराज की ओर से संगम सिंह और अमन उपाध्याय ने तीन-तीन विकेट झटके। 24 गेंदों में 41 रन की तेजतर्रार पारी खेलने वाले दीपांशु सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरे मुकाबले में फतेहपुर रुद्रास ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 191 रन बनाए। मोहम्मद हसन ने 81 और अंकुर मलिक ने 54 रन की शानदार पारियां खेलीं, जबकि सचिन सिंह 23 रन बनाकर नाबाद लौटे। झांसी रुद्रास की ओर से सुब्रत प्रसाद, आकाश, आयुष राज और स्वारित ने एक-एक विकेट हासिल किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी झांसी रुद्रास ने 2.2 ओवर में एक विकेट पर 13 रन बनाए ही थे कि तेज बारिश शुरू हो गई। लगातार बारिश के कारण मैच आगे नहीं बढ़ सका। अब यह मुकाबला बुधवार को 2.2 ओवर के आगे से शुरू होगा। इस मैच की विजेता टीम फाइनल में प्रयागराज रुद्रास से भिड़ेगी।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...