Kanpur। शहर के परमट प्राइमरी स्कूल में बुधवार को भूमिपूजन को लेकर भाजपा और सपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर हंगामा हो गया। स्कूल निर्माण कार्य के श्रेय को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते राजनीतिक टकराव में बदल गया। मौके पर दोनों दलों के समर्थकों के बीच नारेबाजी और तीखी बहस होने लगी, जिसके बाद भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। प्रशासन ने मामले की जांच एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार को सौंपी है।

विधायक और सांसद निधि को लेकर बढ़ा विवाद
जानकारी के मुताबिक, आर्यनगर से सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी की विधायक निधि से परमट प्राइमरी स्कूल में तीन कमरों का निर्माण प्रस्तावित है। वहीं कानपुर से भाजपा सांसद रमेश अवस्थी की सांसद निधि से स्मार्ट क्लास और बाउंड्रीवाल निर्माण की योजना है।
सपा विधायक ने 15 मई को भूमिपूजन की घोषणा की थी, लेकिन इससे पहले भाजपा समर्थकों की ओर से 14 मई को स्मार्ट क्लास निर्माण के भूमिपूजन का संदेश सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
नींव खोदाई रुकवाने पर बढ़ा तनाव
बुधवार सुबह विद्यालय परिसर में सपा समर्थकों की ओर से मजदूर लगाकर नींव की खोदाई कराई जा रही थी। आरोप है कि इसकी सूचना मिलने पर भाजपा नेता सुरेश अवस्थी समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और काम रुकवा दिया। मजदूरों को हटाने के बाद माहौल गर्मा गया।

सूचना मिलते ही विधायक अमिताभ बाजपेयी समर्थकों के साथ स्कूल पहुंचे और परिसर में धरने पर बैठ गए। देखते ही देखते दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच नारेबाजी शुरू हो गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस विधायक को लेकर पहुंची डीसीपी कार्यालय
तनाव बढ़ने पर पुलिस विधायक अमिताभ बाजपेयी को अपने साथ डीसीपी सेंट्रल कार्यालय ले गई। इसकी जानकारी मिलते ही सपा विधायक नसीम सोलंकी, पूर्व विधायक इरफान सोलंकी और छावनी विधायक मुहम्मद हसन रूमी भी समर्थकों के साथ वहां पहुंच गए।
काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने हालात पर काबू पाया। एहतियात के तौर पर स्कूल परिसर और आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


