पूर्वी जोन सर्विलांस टीम ने 111 स्मार्टफोन खोज निकाले, मालिकों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
Kanpur । मोबाइल फोन आज लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। ऐसे में फोन गुम होने पर लोगों की परेशानी बढ़ जाती है। कानपुर कमिश्नरेट पुलिस की पूर्वी जोन सर्विलांस टीम ने ऐसे ही 111 लोगों के चेहरे पर मुस्कान लौटाने का काम किया है। टीम ने करीब 22 लाख रुपये कीमत के गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए।बुधवार को पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जब लोगों को उनके मोबाइल लौटाए गए तो कई लोग भावुक नजर आए। किसी का फोन बाजार में गिर गया था तो किसी का सफर के दौरान गायब हो गया था। महीनों बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों ने पुलिस टीम का आभार जताया।
सीईआईआर पोर्टल और यूपी कॉप ऐप बने मददगार
डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि मोबाइल गुम होने के बाद लोगों ने CEIR पोर्टल और यूपी कॉप ऐप के जरिए शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद सर्विलांस टीम ने आईएमईआई नंबर के आधार पर मोबाइलों की लोकेशन ट्रेस की और उन्हें अलग-अलग राज्यों व जिलों से बरामद किया।
तकनीक के सहारे मिली बड़ी कामयाबी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मोबाइल बरामदगी में तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल ट्रैकिंग की अहम भूमिका रही। टीम ने लगातार निगरानी कर मोबाइलों को चालू हालत में ट्रैक किया। शुरुआती जांच में सामने आया कि कई फोन चोरी के थे, जबकि कुछ लोगों से अनजाने में मिले थे।
शिकायत मिलते ही होगी कार्रवाई
डीसीपी ने कहा कि यदि किसी मामले में मोबाइल चोरी या झपटमारी की शिकायत मिलती है तो संबंधित आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं,ताकि समय रहते उसे ट्रैक किया जा सके। वही मोबाइल बरामदगी अभियान में बेहतर काम करने वाली सर्विलांस टीम की सराहना करते हुए अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने की घोषणा की।


