डीसीपी पश्चिम के निर्देशन में कार्रवाई, लैपटॉप, मोबाइल और दस्तावेज बरामद; देशभर में फैले नेटवर्क की जांच शुरू
Kanpur । शादी कराने का झांसा देकर लोगों से लाखों-करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले फर्जी मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर का कानपुर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। डीसीपी पश्चिम के निर्देशन में की गई कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह के तीन कथित मास्टरमाइंडों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान मौके से लैपटॉप, मोबाइल फोन, रजिस्टर, दस्तावेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी खुद को प्रतिष्ठित मैट्रिमोनियल सेवा का प्रतिनिधि बताकर लोगों से संपर्क करते थे। आकर्षक रिश्तों का लालच देकर वे रजिस्ट्रेशन, प्रोसेसिंग और अन्य शुल्क के नाम पर मोटी रकम वसूलते थे। पुलिस पूछताछ में गिरोह के संचालन के तरीके और उससे जुड़े अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हो सकता है और बड़ी संख्या में लोग इसकी ठगी का शिकार हुए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। वहीं बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।
ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और संभावित पीड़ितों का पता लगाया जा सके।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


