राम नवमी के मद्देनजर शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के लिए पुलिस ने रावतपुर क्षेत्र में फ्लैग मार्च कर शोभा यात्रा के रूट का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए।
Kanpur। आगामी राम नवमी शोभा यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। कमिश्नरेट के पश्चिमी जोन के रावतपुर थाना क्षेत्र में डीसीपी पश्चिम एस.एम. क़ासिम आबिदी और एसीपी कल्याणपुर के नेतृत्व में थाना प्रभारी कमलेश राय ने पुलिस टीम के साथ पैदल व बाइक पेट्रोलिंग कर रूट का निरीक्षण किया।
डीसीपी पश्चिम ने शोभा यात्रा के निर्धारित मार्गों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले इलाकों, प्रमुख चौराहों और मार्गों का गहन निरीक्षण किया गया। संबंधित स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी दिए गए।
भ्रमण के दौरान थाना प्रभारियों, चौकी इंचार्ज और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया कि शोभा यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था पर तत्काल नियंत्रण करने और संदिग्ध व्यक्तियों व वस्तुओं पर कड़ी नजर रखने को कहा गया।पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी भ्रामक खबर पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।


