Kanpur । आगामी होली पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को रावतपुर थाना क्षेत्र स्थित रामलला मंदिर प्रांगण में पुलिस प्रशासन की ओर से बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. काशिम आबिदी ने की। इसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, होलिका दहन समितियों के सदस्यों, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया।

बैठक में पुलिस उपायुक्त ने सभी से होली का त्योहार भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद की स्थिति न बनने दें और किसी भी समस्या की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर भी जोर दिया। कहा कि किसी भी तरह की भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करें। अगर कोई अफवाह या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। इससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि होली के दौरान क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। मिश्रित गश्त के साथ पीआरवी और डायल 112 को भी सक्रिय रखा जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

बैठक में मौजूद नागरिकों और समिति के सदस्यों ने भी प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस और जनता के सहयोग से ही त्योहार सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सकता है।


