Kanpur ।उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा आयोजित लेखपाल (मुख्य) परीक्षा-2025 की लिखित परीक्षा 47 परीक्षा केन्द्रों पर एक सत्र में प्रातः 07:00 बजे से 12:30 बजे तक आयोजित की गई। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन सम्पन्न कराए जाने हेतु कमिश्नरेट पुलिस के द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की गई।परीक्षा के दृष्टिगत सभी परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी, यातायात पुलिस एवं रिजर्व पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गईं।

संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील परीक्षा केन्द्रों पर विशेष सतर्कता बरती गयी। अभ्यर्थियों को प्रवेश से पूर्व सघन चेकिंग, प्रवेश पत्र एवं पहचान पत्र का सत्यापन कराकर ही परीक्षा केन्द्र में प्रवेश दिया गया। परीक्षा केन्द्रों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी गयी।इसी क्रम में पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल द्वारा कैलाश नाथ बालिका विद्यालय इण्टर कॉलेज का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान उनके द्वारा सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, कंट्रोल रूम, परीक्षा कक्षों, विद्यालय परिसर, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सुरक्षा ड्यूटी तथा अभ्यर्थियों की चेकिंग व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया।साथ ही ड्यूटी में लगे पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता एवं निष्पक्षता के साथ ड्यूटी निर्वहन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त अपराध श्रवण कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारीगण एवं पुलिस बल मौजूद रहा।
परीक्षा अवधि के दौरान कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी परीक्षा केन्द्रों की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है तथा यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखा गया है, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


