10 साल की छिपाछिपी का अंत: स्वरूप नगर पुलिस ने 25 हजार के इनामी को पकड़कर न्यायालय में पेश किया
Kanpur। स्वरूप नगर थाना पुलिस और कमिश्नरेट की सर्विलांस टीम तथा अपराध शाखा की संयुक्त कार्रवाई में 10 साल से फरार 25 हजार रुपये के इनामी वारंटी रोहन कुमार सिन्हा को गौतम बुद्ध नगर के विसरख थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। यह गिरफ्तारी कानपुर पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है।
गिरफ्तार वारंटी रोहन कुमार पर धारा 138 एनआई एक्ट समेत कई अन्य मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों में धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा और अन्य गंभीर मामले शामिल बताए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने न्यायालय में पेश कर दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी स्वरूप नगर देवेन्द्र कुमार सिंह, उप निरीक्षक संकित तौंगड़, उप निरीक्षक शैलेंद्र कुमार, उप निरीक्षक प्रदीप कुमार और महिला उप निरीक्षक मोनिका राजा की मुख्य भूमिका रही। सहयोगी पुलिस टीम ने भी इस सफलता में अहम योगदान दिया।
कानपुर कमिश्नरेट पुलिस का अपराधियों पर शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे कठोर कदमों से शहर में अपराध नियंत्रण में मदद मिल रही है और आम जनता के लिए सुरक्षा बढ़ रही है।


