Kanpur । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जालंधर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इनमें उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल का पनकी धाम रेलवे स्टेशन भी शामिल रहा। इसके साथ ही फतेहपुर और विंध्याचल रेलवे स्टेशन भी राष्ट्र को समर्पित किए गए। पनकी धाम स्टेशन पर आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा।
समारोह की शुरुआत अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) धनंजय कुमार सिंह और उप मुख्य यातायात प्रबंधक आकांक्षु गोविल ने अतिथियों का स्वागत कर की।
धनंजय कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर स्थित पनकी धाम स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक स्वरूप में पुनर्विकास किया गया है। इससे यात्रियों को पहले की तुलना में कहीं बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि पनकी धाम स्टेशन का नया स्वरूप कानपुर की आस्था और आधुनिक विकास का प्रतीक है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि पंचमुखी हनुमान मंदिर में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिन्हें अब आधुनिक रेलवे सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
विधायक सुरेंद्र मैथानी ने बताया कि स्टेशन पर नया भवन, आधुनिक सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, प्रतीक्षालय, शौचालय, प्लेटफॉर्म का चौड़ीकरण, 12 मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, आधुनिक साइनेज तथा स्थानीय कला एवं संस्कृति को दर्शाने वाले आकर्षक डिजाइन विकसित किए गए हैं।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं और चित्रकला, पेंटिंग, वाद-विवाद व निबंध प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला, विधायक महेश त्रिवेदी, नीलिमा कटियार, पूनम संखवार, विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


