अद्विक, ऋषभ और निकिता ने जीते अपने-अपने वर्ग के खिताब, कानपुर में शतरंज पार्क बनाने का उठा मुद्दा
kanpur। जुगल देवी सरस्वती शिशु मंदिर, आजाद नगर में सोमवार को प्रथम स्वर्गीय सावित्री कप जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के 199 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। दस वर्गों में आयोजित प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने छह राउंड में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार और विद्यालय की प्रधानाचार्य विजय श्री ने विभिन्न वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और पदक देकर सम्मानित किया। इस दौरान कानपुर में शतरंज पार्क बनाने का प्रस्ताव भी विधायक के समक्ष रखा गया। नीलिमा कटियार ने जल्द ही शहर में शतरंज पार्क के निर्माण का आश्वासन दिया।
प्रतियोगिता के संस्थापक एवं शक्ति एकेडमी के अध्यक्ष वीरेश चतुर्वेदी ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। संचालन सुभाषिनी चतुर्वेदी ने किया। स्वर्गीय सावित्री के पति 92 वर्षीय वरिष्ठ खिलाड़ी गोविंद चतुर्वेदी ने उनके चित्र पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर उनके पौत्र आयांश और देवांश चतुर्वेदी भी मौजूद रहे।
प्रमुख परिणाम: अंडर-8 बालक वर्ग में अभिराज सिंह प्रथम, गर्वित श्रीवास्तव द्वितीय और दर्श गुप्ता तृतीय रहे। बालिका वर्ग में स्वस्तिका मिश्रा, दृषा अग्रवाल और एलिस गोस्वामी ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। अंडर-11 बालक वर्ग में अद्विक महेश्वरी प्रथम, मोहम्मद जैदान द्वितीय और वेदांश मिश्रा तृतीय रहे। बालिका वर्ग में अभिज्ञा तिवारी, सांनवी ओमर और दिव्याता तिवारी ने शीर्ष तीन स्थान प्राप्त किए।
अंडर-14 में बालक वर्ग में अद्यानश सिंह, आदित्य यादव और अभिजीत गुरहा तथा बालिका वर्ग में आकृति गुप्ता, आदया मिश्रा और समृद्धि वर्मा क्रमश: प्रथम तीन स्थान पर रहे। अंडर-19 बालक वर्ग में शशांक श्रीवास्तव, प्रांजल सिंह और अप्रतिम शुक्ला तथा बालिका वर्ग में अंकिता त्रिवेदी, अनन्या मिश्रा और स्वस्तिका कुमारी विजेता रहीं। पुरुष वर्ग में ऋषभ निषाद प्रथम, श्रेष्ठ यादव द्वितीय और श्वेत कमल शुक्ला तृतीय रहे।
महिला वर्ग में निकिता निषाद प्रथम और कविता अग्रवाल द्वितीय रहीं। बेस्ट वेटरन का पुरस्कार जफर महमूद को मिला।प्रतियोगिता के चीफ ऑर्बिटर विकास निषाद रहे। सहायक ऑर्बिटर के रूप में कमल खेमानी, कुसुम शर्मा, प्रशंसा वर्मा और एपी सिंह ने जिम्मेदारी संभाली।


