kanpur 27 अगस्त। यूपी टी-20 लीग के ट्रॉफी टूर का गुरुवार को कानपुर में आयोजन किया गया। ट्रॉफी सबसे पहले एसजीएम इंटर कॉलेज, इंदिरा नगर पहुंची, जहां मेरठ मेवरिक्स टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे रितुराज शर्मा ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने छात्रों को क्रिकेट के प्रति मेहनत, अनुशासन और लगन का महत्व बताया।

इसके बाद ट्रॉफी वीरेन्द्र स्वरूप स्कूल, कल्याणपुर पहुंची। यहां विद्यार्थियों ने ट्रॉफी के साथ खिलाड़ियों का स्वागत किया। यात्रा का अगला पड़ाव केडीएमए इंटरनेशनल स्कूल, बर्रा रहा। यहां स्वास्तिक चिकारा और कार्तिक त्यागी ने स्कूली बच्चों के साथ क्रिकेट से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। खिलाड़ियों को अपने बीच पाकर बच्चों में खासा उत्साह नजर आया और उन्होंने खेल से जुड़े सवाल भी पूछे।
इसके बाद ट्रॉफी यूपी किराना पहुंची। यहां यश गर्ग और विशाल चौधरी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। ट्रॉफी टूर का समापन एक्सेस कॉलेज, रूमा में हुआ। यहां इंजीनियरिंग के छात्रों से यश गर्ग और विशाल चौधरी ने क्रिकेट की बारीकियों पर चर्चा की और खेल से जुड़े अनुभव साझा किए।
ट्रॉफी टूर के दौरान खिलाड़ियों के साथ कृष्ण कुमार दुबे और सौरभ श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। विभिन्न शिक्षण संस्थानों में ट्रॉफी पहुंचने से विद्यार्थियों में यूपी टी-20 लीग को लेकर उत्साह देखने को मिला।


