इंटर स्कूल चैंपियनशिप में 185 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
Kanpur । नवाबगंज स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय में गुरुवार को इंटर स्कूल बेंच प्रेस चैंपियनशिप का आगाज खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन के साथ हुआ। कानपुर पावरलिफ्टिंग संघ की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न विद्यालयों के करीब 185 बालक-बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। भार उठाने के दौरान खिलाड़ियों की ताकत के साथ तकनीक और संतुलन ने मुकाबलों में रोमांच भर दिया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के सीनियर कोऑर्डिनेटर मंजीत सिंह, सेठ मोतीलाल खेड़िया सनातन धर्म विद्यालय की प्रधानाचार्या सुमन चंदोला और संघ के संरक्षक विवेक मिश्रा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।सब-जूनियर बालक वर्ग में 53 किग्रा में दीपक कमल, 59 किग्रा में पवन सेठ, 66 किग्रा में काव्य केसरवानी, 74 किग्रा में रोहन कुशवाहा और 83 किग्रा में अमन चौरसिया ने पहला स्थान हासिल किया।बालिका वर्ग में 43 किग्रा में एकता सचान, 47 किग्रा में अनन्या कटियार, 52 किग्रा में अदिति वर्मा, 57 किग्रा में सिया यादव और 69 किग्रा में प्रत्यूषा सिंह विजेता बनीं।
वहीं 76 किग्रा में पारुल यादव, 84 किग्रा में दिशा शर्मा और 84 से अधिक किग्रा में सुरा मेघा निलेश ने बाजी मारी।संघ के सचिव सौरभ गौर ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर बेंच प्रेस को बढ़ावा देना और उभरती प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच उपलब्ध कराना है।इस दौरान अनिल कुशवाहा, जीशान अहमद, तपस्या गौतम, हिमांशु निगम, हरिओम, सौरभ कुमार, योगेंद्र कुमार, विराट बाजपेयी, नारायण गौर, असीम राजपूत, प्राची सिंह, अश्विनी त्रिपाठी और कृष्णा समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे।


