Kanpur । मुरादाबाद के समर वैली स्कूल में 25 और 26 सितंबर तक चौथी यूपी स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता हुई। इसमें कानपुर के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने पदक के साथ कई वर्गों में क्वार्टर और प्री-क्वार्टर फाइनल तक पहुंचकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
अंडर-13 वर्ग में अधिराज ने दमदार खेल दिखाते हुए उपविजेता ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं अंडर-11 वर्ग में भाव्या सिंह ने द्वितीय उपविजेता ट्रॉफी हासिल की। पुरुष वर्ग में सत्यम गिरि गुप्ता और अद्वित गुप्ता ने क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया। इसके अलावा अंडर-17 में आशुतोष गुप्ता, अंडर-13 में देवर्षिका शुक्ला और अंडर-11 में हितांशी पोपतानी ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
अंडर-13 वर्ग में मानस पोपतानी प्री-क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे। खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ के अध्यक्ष संजीव पाठक उर्फ बॉबी, गीता टंडन कपूर, संजय टंडन, सुनील सिंह, रवि पोपतानी, सत्यम मिश्रा, अविनाश यादव और आशुतोष सत्यम झा ने बधाई दी और खिलाड़ियों के उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।


