Kanpur । ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित केंद्रीय प्रशिक्षण शिविर में 18 मंडल से चयनित होकर आए 80 खिलाड़ियों का फिटनेस और स्किल टेस्ट लिया गया। इसमें खिलाड़ियों के बीच खुद को साबित करने की होड़ दिखी। फिटनेस टेस्ट के बाद स्किल टेस्ट में खिलाड़ियों ने नेट्स पर गेंदबाजी और बल्लेबाजी कौशल दिखाकर कैंप के मुख्य कोच मुरादाबाद के स्पोर्ट्स अफसर सुनील सिंह और उपक्रीड़ाधिकारी अमित पाल ध्यान आकर्षित किया।
15 दिवसीय ट्रायल के आधार पर प्रदेश के आवासीय क्रिकेट छात्रावास के लिए खिलाड़ियाें का चयन किया जाएगा। केंद्रीय प्रशिक्षण कैंप में फाइनल ट्रायल का आयोजन 28 और 29 अप्रैल को होगा।
बुधवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम में केंद्रीय प्रशिक्षण कैंप के पहले दिन बारी-बारी खिलाड़ियाें की फिटनेस को परखा गया। कैंप के मुख्य कोच सुनील और अमित पाल ने खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता का आकलन करने के बाद नेट्स पर बल्लेबाजी स्किल और गेंदबाजी के दौरान शरीर के मूवमेंट को देखा।
पहले दिन ही नेट्स पर खिलाड़ियों ने खुद को साबित किया। उपक्रीड़ाधिकारी अमित पाल ने बताया कि 15 दिनों तक हर खिलाड़ी की क्षमता का अध्ययन किया जाएगा। प्रदर्शन के आधार पर ही सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को आवासीय क्रिकेट छात्रावास के लिए चुना गया। उन्होंने बताया कि फाइनल ट्रायल में अभ्यास मैच और टारगेट अभ्यास कराकर खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखा जाएगा।


