Kanpur। कानपुर ताइक्वांडो संघ का 46वां स्थापना दिवस और संस्थापक सदस्य स्व. दीपक गौड़ की 19वीं पुण्यतिथि बुधवार को बड़ा चौराहा स्थित जीएनके इंटर कॉलेज में श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत स्व. दीपक गौड़ के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।
इसके बाद मुख्य अतिथि ओईएफ इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मोहित दुबे व विशिष्ट अतिथि वरुण मल्होत्रा ने राष्ट्रीय खिलाड़ी व पदक विजेता राम गोपाल बाजपेई और आराध्या को दीपक गौड़ अवार्ड से सम्मानित किया। वहीं एसएन सेन बालिका डिग्री कॉलेज की क्रीड़ा प्रमुख व विभागाध्यक्ष डॉ. प्रीति पांडे को खेल प्रशिक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए गुरु सम्मान से नवाजा गया।
समारोह में कानपुर ताइक्वांडो संघ से संबद्ध स्कूलों, क्लबों और एकेडमियों के प्रशिक्षकों के साथ इस वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर चयनित रेफरी स्पर्श सिंह, सतीश कुमार और अपर्णा दुबे को भी प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर महासचिव प्रदीप सिंह चौहान, उपाध्यक्ष दिनेश दीक्षित, अविनाश चंद्र द्विवेदी, प्रयाग सिंह, कपिल दुबे, अतुल दुबे, आयुष मिश्रा, दीक्षा निगम, राज किशोर शुक्ला, अरविंद शुक्ला, पवन सूर्यवंशी, वकील अहमद समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।


