आईटीबीपी बैंड पांच दिन शहर के प्रमुख स्थलों पर देगा प्रस्तुति
Kanpur । आजादी के अमृत महोत्सव के तहत शहर में पांच दिनों तक देशभक्ति का रंग देखने को मिलेगा। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) की 32वीं वाहिनी की ओर से शहर के प्रमुख स्थलों पर बैंड प्रदर्शन और सांगीतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। फूलबाग से शुरू होने वाला कार्यक्रम गंगा बैराज, जेड स्क्वायर मॉल, जेके टेंपल और कारगिल पार्क तक पहुंचेगा।
32वीं वाहिनी के सेनानी गौरव प्रसाद के निर्देशन में रविवार को फूलबाग में कार्यक्रम की शुरुआत होगी। यहां शाम 5:30 से रात 8:20 बजे तक आईटीबीपी बैंड देशभक्ति की धुनें प्रस्तुत करेगा। 11 अगस्त को गंगा बैराज पर शाम पांच से सात बजे तक प्रस्तुति होगी।
12 अगस्त को जेड स्क्वायर मॉल में शाम 6:30 से रात नौ बजे तक बैंड प्रस्तुति देगा। 13 अगस्त को जेके टेंपल में शाम चार से छह बजे और 14 अगस्त को कारगिल पार्क में शाम छह से रात आठ बजे तक सांगीतिक प्रस्तुति एवं बैंड प्रदर्शनी होगी।
आईटीबीपी ने शहरवासियों से इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर देशभक्ति के उत्सव में भागीदारी करने की अपील की है।
कार्यक्रम एक नजर में
09 अगस्त: फूलबाग, शाम 5:30 से 8:20 बजे
11 अगस्त: गंगा बैराज, शाम 5 से 7 बजे
12 अगस्त: जेड स्क्वायर मॉल, शाम 6:30 से 9 बजे
13 अगस्त: जेके टेंपल, शाम 4 से 6 बजे
14 अगस्त: कारगिल पार्क, शाम 6 से 8 बजे


