अर्मापुर में अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी, शिनाख्त में जुटी पुलिस
Kanpur । अरमापुर नहर में मंगलवार को अचानक एक शव तैरता दिखाई दिया तो आसपास मौजूद लोगों में खलबली मच गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही अरमापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया।
शव महिला का होने की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। महिला की पहचान नहीं हो सकी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी, एडीसीपी पश्चिम और एसीपी पनकी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई।
पुलिस अब महिला की पहचान कराने के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी खंगाल रही है। साथ ही नहर के आसपास के इलाकों से भी सुराग जुटाए जा रहे हैं। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह सामने आने की उम्मीद है।


