Sunday, August 23, 2026
HomeकानपुरKanpur : पांडु नदी उफनाई, बर्रा-गुजैनी के 30 घरों में घुसा पानी

Kanpur : पांडु नदी उफनाई, बर्रा-गुजैनी के 30 घरों में घुसा पानी

बर्रा-गुजैनी के निचले इलाकों का एसडीएम ने किया निरीक्षण, पानी उतरने पर चलेगा विशेष सफाई अभियान

Kanpur । पांडु नदी के जलभराव से बर्रा और गुजैनी के निचले इलाकों में करीब 25 से 30 मकान प्रभावित हुए हैं। रविवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर अनुभव सिंह ने नगर निगम और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और राहत व्यवस्था की जानकारी ली।

 

जलभराव के चलते प्रभावित परिवार सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं। अधिकांश लोग रिश्तेदारों या अपने दूसरे मकानों में रह रहे हैं, जबकि कुछ परिवार किराये के मकानों में चले गए हैं। प्रभावित लोगों के लिए कम्पोजिट विद्यालय में राहत शिविर बनाया गया है। यहां जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। राहत किट वितरण के लिए भी मांग भेजी गई है।

एसडीएम ने नगर निगम अधिकारियों को क्षेत्र में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पानी उतरने के बाद विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए दवाओं और कीटाणुनाशक का छिड़काव कराने के साथ पेयजल और स्वच्छता की निगरानी की जाए।

उन्होंने बताया कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए पीओ डूडा के साथ प्रभावित परिवारों की पात्रता का परीक्षण कराया जाएगा। पात्र परिवारों को आवासीय योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई होगी। वहीं सिंचाई विभाग पांडु नदी के फ्लड प्लेन क्षेत्र को सुरक्षित और अतिक्रमण मुक्त रखने की कार्रवाई करेगा। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर विनय द्विवेदी मौजूद रहे।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...