Kanpur। महिला की शिकायत पर कार्रवाई न करना रतनपुर चौकी इंचार्ज को भारी पड़ गया।जनसुनवाई में पहुंची महिला की शिकायत पर पुलिस आयुक्त ने चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया।पुलिस आयुक्त की जनसुनवाई के दौरान कांशीराम कॉलोनी निवासी अर्चना मिश्रा नामक महिला द्वारा प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया।
महिला द्वारा बताया गया कि वह ई-रिक्शा चलाकर अपना जीवनयापन करती है तथा उसे करोड़ों रुपये के लेनदेन से संबंधित आयकर विभाग का नोटिस प्राप्त हुआ है। महिला ने अवगत कराया कि पूर्व में पनकी थाना क्षेत्र की रतनपुर चौकी में उसने सूचना दी थी कि क्षेत्र के ही दो व्यक्तियों द्वारा उसे एक्सिस बैंक ले जाकर उसके समस्त दस्तावेज इस आश्वासन पर प्राप्त किए गए थे कि उसे ₹1,00,000 का लोन दिलाया जाएगा, परंतु बाद में उन दस्तावेजों का कथित रूप से दुरुपयोग कर उसके नाम से व्यवसायिक लेनदेन किए गए।
जिसके संबंध में अब उसे आयकर नोटिस प्राप्त हो रहे हैं। प्रकरण में समय से प्रभावी कार्रवाई न किए जाने पर पुलिस आयुक्त द्वारा तत्काल प्रभाव से चौकी इंचार्ज रतनपुर को लाइन हाजिर किया गया है। साथ ही मामले में अभियोग पंजीकृत कर निष्पक्ष एवं गहन विवेचना करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


