Wednesday, August 5, 2026
HomeकानपुरKanpur : दूसरे का आटा, अपना ठप्पा... फ्लोर मिल का खेल बेनकाब,देखे...

Kanpur : दूसरे का आटा, अपना ठप्पा… फ्लोर मिल का खेल बेनकाब,देखे विडीयो

 

 

रामादेवी में एफएसडीए की कार्रवाई, 1.50 लाख रुपये का स्टॉक सीज, गेहूं के आटे में मिलावट की आशंका पर पांच नमूने जांच को भेजे

Kanpur।  बाजार में दूसरे ब्रांड का आटा खरीदकर उसे अपने नाम से दोबारा पैक कर बेचने का खेल बुधवार को एफएसडीए की छापेमारी में उजागर हो गया। रामादेवी स्थित एक फ्लोर मिल में जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि विभिन्न कंपनियों के आटे के पैकेट खोलकर उसी आटे को स्थानीय ब्रांड की पैकिंग में भरकर बाजार में बेचा जा रहा था। इसके अलावा गेहूं के आटे में चावल का आटा मिलाने की आशंका भी सामने आई। टीम ने करीब 1.50 लाख रुपये मूल्य का संदिग्ध स्टॉक सीज कर पांच नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए।

#kanpur

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) संजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने गांधीग्राम, रामादेवी स्थित मेसर्स दर्शन ट्रेडिंग कंपनी (फ्लोर मिल) का औचक निरीक्षण किया। जांच में परिसर की साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिली। खाद्य पदार्थों का रखरखाव भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं था। कर्मचारियों के मेडिकल रिकॉर्ड, खाद्य लाइसेंस और खरीद-बिक्री से संबंधित दस्तावेज भी मौके पर उपलब्ध नहीं कराए जा सके।

#kanpur

निरीक्षण के दौरान टीम को लगभग 3000 किलोग्राम दूसरे ब्रांड का आटा, 100 किलोग्राम दर्शन ब्रांड का आटा तथा 200 किलोग्राम चावल का आटा मिला। कई पैकेटों पर बैच नंबर, पैकेजिंग तिथि और एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं थी। अधिकारियों को आशंका है कि चावल के आटे का उपयोग गेहूं के आटे में मिलावट के लिए किया जा रहा था। एफएसडीए ने गेहूं के आटे के चार और चावल के आटे का एक नमूना जांच के लिए संग्रहित किया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पूरे संदिग्ध स्टॉक को सीज कर दिया गया।

सहायक आयुक्त (खाद्य) संजय प्रताप सिंह ने बताया कि आटे में मिलावट और भ्रामक पैकेजिंग की शिकायतों को देखते हुए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ करने वाले कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...