Kanpur । ग्रीन पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए यूनाइटेड चैंपियंस लीग (UCL) के फाइनल मुकाबले में ऑरेंज आर्मी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कानपुर साउथ फीनिक्स को तीन विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। उतार-चढ़ाव से भरे इस मुकाबले में आखिरी ओवर तक रोमांच बना रहा और दर्शकों को एक बेहद दिलचस्प मैच देखने को मिला।
फाइनल में टॉस जीतकर कानपुर साउथ फीनिक्स ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
टीम ने निर्धारित 30 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए। टीम की ओर से गुरी ने 46 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि अजय ठाकुर ने 43 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इसके अलावा तरुण द्विवेदी ने भी 29 गेंदों में 32 रनों का योगदान देकर स्कोर को प्रतिस्पर्धी बनाया।
ऑरेंज आर्मी की ओर से गेंदबाजी में जितेश सितानी ने किफायती प्रदर्शन करते हुए छह ओवर में एक मेडन के साथ मात्र 16 रन देकर एक विकेट हासिल किया, जबकि देवेंद्र सिंह ने भी अहम मौके पर सफलता दिलाई।
169 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑरेंज आर्मी की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और टीम ने 49 रन तक तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद आदित्य एस ने धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए एक छोर संभाला और 58 गेंदों में नाबाद 51 रन की मैच जिताऊ पारी खेली।
उन्हें विकाश सिंह का बेहतरीन साथ मिला, जिन्होंने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मात्र 30 गेंदों में 45 रन बनाए, जिसमें चार चौके और दो छक्के शामिल रहे।मैच के अंतिम क्षणों में दवनदीप सिंह ने तेजी से रन बनाते हुए पांच गेंदों में 13 रन जोड़े और टीम को 28.3 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 169 रन तक पहुंचाकर शानदार जीत दिला दी। इस जीत के साथ ऑरेंज आर्मी ने यूनाइटेड चैंपियंस लीग की ट्रॉफी पर कब्जा जमा किया।


