Kanpur। उत्तर प्रदेश रोलर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में गौरव मेमोरियल इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित ओपन यूपी स्टेट रोलर स्पीड स्केटिंग चैंपियनशिप का सफल आगाज हुआ। प्रतियोगिता 7 जून तक आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभाशाली स्केटर्स हिस्सा ले रहे हैं।
चैंपियनशिप के दौरान बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में पदक हासिल किए। आयोजन का उद्देश्य प्रदेश में रोलर स्पीड स्केटिंग को बढ़ावा देना तथा उभरती प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।
बालिका वर्ग में स्वर्ण पदक विजेता नंदिनी, प्रतिभा सिंह एवं अक्षिता सिंह रहीं। रजत पदक आशी सिंह, श्रेया पाठक, आराध्या और मानसी ने प्राप्त किया, जबकि दिव्यांशी एवं दिशा ने कांस्य पदक अपने नाम किए।
बालक वर्ग में स्वर्ण पदक तेजस्व सिंह, जयम खान, विनायक और सुधांशु गौतम ने जीता। रजत पदक मोहम्मद आरिफ खान, कुमार अंश, उत्सर्ग एवं अंश गुप्ता को मिला, जबकि डी. अनमोल और अद्विक मिश्रा ने कांस्य पदक हासिल किया।
प्रतियोगिता के समापन सत्र में विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश रोलर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्य प्रकाश, सचिव मनजीत सिंह एवं कोषाध्यक्ष मोहम्मद इसरार उपस्थित रहे।

