Friday, March 27, 2026
HomeखेलKanpur : बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की तर्ज पर यूपीसीए भी उन्नाव...

Kanpur : बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की तर्ज पर यूपीसीए भी उन्नाव में बनायेगा अपना सेंटर

150 खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था के साथ ही विश्व स्तरीय सुविधाएं तथा रिहैब सेंटर भी होगा मौजूद
लाल-काली मिट्टी की पिचों के साथ ही दक्ष कोच और फिजियो देंगे सभी आयु वर्गों के खिलाड़ियों को ट्रेनिंग

Kanpur । कमला क्लब खत्म होने के चलते उन्नाव में अपना नया सेंटर बना रहा उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) इसे बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की तर्ज पर तैयार करेगा। इस सेंटर में खिलाड़ियों को विश्व स्तरीय सुविधाएं मुहैय्या करायी जायेंगी। जिससे वह घरेलू प्रतियोगिता से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तैयार हो सके। इसके लिए हर विधा के विशेषज्ञ कोच व फिजियो को ट्रेनिंग के लिए रखा जायेगा साथ ही जो खिलाड़ी चोटिल होता है उसको उबारने के लिए रिहैब सेंटर भी मौजूद रहेगा। सेंटर में लाल-काली मिट्टी की पिच, लगभग 150 खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था भी होगी।

90 दशक से अधिक उत्तर प्रदेश में क्रिकेट का संचालन करने वाली यूपीसीए अभी तक कानपुर में कमला क्लब से सभी गतिविधियां संचालित करते आयी है लेकिन इस जगह की लीज खत्म होने के कारण उसे अब अपना नया ठिकाना बनाना पड़ रहा है। हालांकि यूपीसीए का मुख्यालय फिलहाल यहीं कायम रहेगा क्योंकि कार्यालय की समयावधि अभी बरकरार है।

पूर्व सचिव ज्योति बाजपेयी के समय में यूपीसीए ने कानपुर-लखनऊ हाईवे पर उन्नाव जिले के मुतर्जा नगर गांव में 13 हेक्टेयर जमीन स्टेडियम बनाने के लिए खरीदी थी। जो अभी तक खाली ही पड़ी थी। लिहाजा अब इस जगह को यूपीसीए अपना नया सेंटर बनाने जा रहा है। इस जगह की बाउंड्री वॉल बनाने के साथ ही मैदान को संवारने का काम भी शुरू हो चुका है। जिला प्रशासन द्वारा मिल रहे सहयोग के कारण यूपीसीए यहां अपना नया सेंटर स्थापित करने का मन बना चुका है।

बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने इस जगह को बीसीसीआई के बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की तरह बनाने का सुझाव दिया है। जहां वह सभी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेंगी जिससे खिलाड़ियों को बेहतर प्लेटफार्म मिल सके।
यूपीसीए के कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला ने बताया कि कमला क्लब को खाली करने का समय नजदीक आ चुका था लिहाजा हमने उन्नाव वाली जमीन को विकसित करने का फैसला किया है। अभी वहां बाउंड्री वॉल को पूरा बनाया जा रहा है।

मैदान को भी सही किया जा रहा है। यह कार्य पूरा होने के बाद इस जगह पर निर्माण कार्य के लिए एजेंसी से डिजाइन तैयार की जायेगी, जिसके बाद वहां काम शुरू होगा। हमारी योजना इस जमीन पर रिहैब सेंटर के अलावा लाल-काली मिट्टी की पिच, लगभग 150 खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था, बल्लेबाजी, गेंदबाजी, फील्डिंग कोच, ट्रेनर, फिजियो जैसी तमाम सुविधाएं उपलब्ध कराने पर है।

जिससे घरेलू स्तर पर खिलाड़ियों को दक्ष कर उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा सके। उन्होंने बताया कि उन्नाव में सेंटर स्थापित होने पर हमारे लिए सबसे बड़ी चुनौती कमला क्लब में काम करने वाले कर्मचारियों को लेकर है। यह सभी हमारे साथ काफी लंबे समय से जुड़े है, इसलिए इन्हें यहां तक लाने के लिए हम स्थायी विकल्प तलाशेंगे। रही बात यूपीसीए मुख्यालय की तो वह कानपुर ही रहेगा। कार्यालय की लीज अभी कायम है। यद्यपि इसे आगे चलकर खाली भी करना पड़ा तो शहर में ही नयी जगह तलाशी जायेगी।

कमला क्लब में होने वाले स्टेट ट्रायल को लेकर उन्होंने कहा कि उन्नाव का मैदान जब तक तैयार नहीं हो जाता तब तक ग्रीनपार्क स्टेडियम हमारे पास मौजूद है। यदि वहां काम शुरू हो गया तो हम अन्य मैदान भी पहले से बुक करा लेंगे। उन्होंने बताया कि हमारा सबसे पहला लक्ष्य प्रदेश के खिलाड़ियों को सबसे बेहतर प्लेटफार्म देना है। चूकि उत्तर प्रदेश आबादी के हिसाब से सबसे बड़ा प्रदेश है। यहां टेलेंट की कोई कमी नहीं है इसलिए हम नहीं चाहते कि किसी प्रतिभावान खिलाड़ी के साथ अन्याय हो, उसे हर वह सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी जिससे उसका भविष्य उज्जवल बन सके।

यूपीसीए का मुख्यालय कानपुर ही रहेगा। कमला क्लब खाली करने का समय नजदीक था लिहाजा उन्नाव वाली जमीन पर अपना नया सेंटर स्थापित करने जा रहे हैं। जहां सभी अत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद रहेंगी।
– सचिन शुक्ला, यूपीसीए कोषाध्यक्ष

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...