ग्रीनपार्क से इकाना शिफ्ट हो रही अटकलों पर लगा विराम
-लखनऊ में चौथे सीजन का उद्घाटन समारोह होगा आयोजित
Kanpur। यूपीसीए द्वारा यूपी टी-20 लीग को लखनऊ में शिफ्ट करने की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद पहल करते हुए ग्रीन पार्क स्टेडियम के सम्मान को बचाकर लीग को कानपुर और लखनऊ दोनों शहरों में कराने के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री से मिले आदेश के बाद यूपीसीए ने नए सिरे से रणनीति बनाना शुरू कर दी है।
यूपीसीए द्वारा वर्ष 2023 में यूपी लीग की शुरुआत ग्रीनपार्क स्टेडियम से हुई। पहले सीजन में खेल विभाग द्वारा यहां दस करोड़ से ऊपर का किराया मांगे जाने के बाद यूपीसीए इसे लखनऊ ले गया। लगातार दो सीजन वहां कराने के बाद इस बार चौथा सीजन ग्रीनपार्क में कराने की यूपीसीए ने घोषणा की। जिसका प्रमुख कारण मुख्यमंत्री द्वारा मार्च में विधानसभा में ग्रीनपार्क में यूपी लीग के किराये को ढाई लाख रुपए निर्धारत करना था।
।हालांकि इस बीच यहां के खेल विभाग ने पहले सीजन के बकाये का आधा लगभग पांच करोड़ रुपए की मांग यूपीसीए से कर दी। लगातार दो नोटिस जाने के बाद यूपीसीए इस लीग को दोबारा लखनऊ में कराने की संभावनाओं को खोजने लगा। बुधवार को दिल्ली में हुई बैठक में लीग को लखनऊ में कराने की सहमित भी बनी हालांकि आधिकारिक घोषणा नहीं हुई।
शुक्रवार को यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन डा. संजय कपूर ने खेल सचिव सुहास एल वाई और मुख्यमंत्री के सलाहाकार अवनीश अवस्थी से मुलाकात की। जिसके बाद मामला मुख्यमंत्री के पास पहुंचा जहां उन्होंने यूपी लीग के चौथे सीजन को कानपुर और लखनऊ दोनों शहरों में कराने के लिए कहा। साथ ही कहा कि ग्रीनपार्क में खेल विभाग अपना पूरा सहयोग करेगा किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं आने दी जायेगी।
इस बीच शहर के सांसद रमेश अवस्थी ने भी अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर यूपी लीग के कानपुर में कराने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने भी लीग को यहां कराने के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। वहीं डा. कपूर ने कहा कि जल्द ही काउंसिल की बैठक कर पूरी रणनीति तैयार की जायेगी। जिसके बाद पूरे टूर्नामेंट का फिक्स्चर घोषित किया जायेगा।
लीग कहीं शिफ्ट नहीं हुई है। बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला का हमेशा प्रयास रहता है कि कानपुर में अधिक से अधिक क्रिकेट हो। उनकी विजन है कि यह लीग देश की सर्वश्रेष्ठ लीग बने। हम लोग लीग की तैयारियों में जुटे है। पूरी तैयारियों के साथ दो-तीन दिन में मीडिया को विस्तृत रिपोर्ट देंगे।
– डा. संजय कपूर, चेयरमैन यूपी टी-20 लीग
ग्रीनपार्क से यूपी टी-20 लीग लखनऊ शिफ्ट होने की चर्चाओं पर मुख्यमंत्री ने विराम लगा दिया है। मुख्यमंत्री ने कानपुर में ही लीग कराने की घोषणा की है। उद्घाटन लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होगा और बाकी सभी मैच कानपुर में होंगे। इसके लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद है।
– रमेश अवस्थी, सांसद
—


