Kanpur ।कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन से आबद्ध जेएनटी स्पोर्ट्स वेलफेयर द्वारा आयोजित 14वीं अंडर-12 जेएनटी क्रिकेट लीग में शुक्रवार को खेले गये मुकाबलों में ओलिवर ब्राउन और लीवरपूर एकादश ने शानदार जीत दर्ज की।कानपुर साउथ मैदान में खेले गये पहले मैच में सिग्मा ग्रिपलॉक ने 25 ओवर में तीन विकेट पर 154 रनों का स्कोर बनाया। टीम से कृष्णा यादव ने नाबाद 54 और विष्णु पाण्डेय ने नाबाद 47 रन बनाए।

गेंदबाजी में कृषिव कुलश्रेष्ठ ने दो और विनम्र तिवारी ने एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओलिवर ब्राउन ने अर्जुन सिंह के नाबाद 48, विराट सिंह के 33, वेदांत बाजपेयी के 23 व अर्णव कटियार के 18 रनों की मदद से 24.2 ओवर में पांच विकेट पर 156 रन बनाते हुए जीत हासिल की। लीग के दूसरे मैच में रुपेश के 41 और प्रिंस के 24 रनों की मदद से लीवरपूल एकादश ने 25 ओवर में 9 विकेट पर 165 रनों का स्कोर खड़ा किया।
गेंदबाजी में सूर्यदेव यादव ने तीन, विराट द्विवेदी ने दो विकेट लिए। जवाब में पर्फ एकादश की टीम निर्धारित ओवरों में आठ विकेट पर 162 रन बनाकर मात्र तीन रनों से हार गयी। टीम से वेदांश ने शानदार पारी खेलते हुए 88 रन बनाए वहीं आदित्य राज ने 24 रनों का योगदान किया। विजयी टीम से शिवांश प्रताप और प्रियांश ने दो-दो विकेट झटके।


