डीएम-सीडीओ और नगर आयुक्त ने जीवीपी से कॉम्पैक्टर अड्डे तक परखी व्यवस्था, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
Kanpur । शहर की सफाई व्यवस्था की असली तस्वीर देखने के लिए सोमवार रात 11 बजे अफसर सड़कों पर उतर आए। डीएम, सीडीओ और नगर आयुक्त ने संयुक्त रूप से जोन-1 और जोन-4 में रात्रिकालीन सफाई, कूड़ा उठान और परिवहन व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। जीवीपी, पोर्टेबल ट्रांसफर स्टेशन और कॉम्पैक्टर अड्डों पर पहुंचकर कूड़ा निस्तारण की हकीकत जांची गई।

निरीक्षण की शुरुआत वीआईपी रोड के आसपास के प्रमुख मार्गों से हुई। अधिकारियों ने जीवीपी और पोर्टेबल ट्रांसफर स्टेशनों की स्थिति देखी और कर्मचारियों से कूड़ा निकलने से लेकर उठान और परिवहन तक की जानकारी ली। घनी आबादी से हाथ ठेला और छोटी गाड़ियों के जरिए कूड़ा उठाकर ट्रांसफर स्टेशन पहुंचाने की व्यवस्था भी परखी गई।
इसके बाद कचहरी के पास जीवीपी, उर्सला के निकट पोर्टेबल ट्रांसफर स्टेशन और द्वारकापुरी स्थित कॉम्पैक्टर अड्डे का निरीक्षण किया गया। यहां दो कॉम्पैक्टर मशीनें लगी मिलीं। अधिकारियों ने कूड़े के संकलन, कॉम्पैक्शन और आगे परिवहन की व्यवस्था की जानकारी ली। कंपनी बाग चौराहे के जीवीपी पर भी सफाई और कूड़ा उठान की स्थिति जांची गई।
डीएम ने साफ निर्देश दिया कि खुले में कूड़ा दिखा तो उसे तत्काल हटाया जाए। सभी जीवीपी को प्राथमिकता से खत्म कर शहर को जीवीपी मुक्त बनाने की कार्रवाई तेज की जाए। त्योहारों को देखते हुए प्रमुख मार्गों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर सफाई और कूड़ा उठान में कोई ढिलाई न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही या शिथिलता मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।


