अगस्त-सितम्बर में ग्रीनपार्क में होगी यूपी टी-20 लीग
Kanpur। कानपुर प्रीमियर लीग (केपीएल) के दूसरे सीजन का आयोजन इस वर्ष दिवाली से पहले किया जायेगा। इसके साथ ही अगस्त-सितम्बर में यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का आयोजन ग्रीन पार्क स्टेडियम में होगा। दोनों लीग के चेयरमैन डा.संजय कपूर ने बताया कि केपीएल के दूसरे सीजन का आयोजन पहले जून में कराने का तय हुआ था लेकिन अत्यधिक गर्मी को देखते हुए इसे आगे बढ़ाया गया है। चूकि यूपी टी-20 लीग भी इस बार ग्रीन पार्क में होनी है इसलिए केपीएल का आयोजन इस लीग के बाद होगा।
केपीएल और यूपी लीग के आयोजन की तिथियों के बारे में उन्होंने कहा कि इसका फैसला भी जल्द होगा। हालांकि उन्होंने यह जरूर कहा कि यूपी लीग 20 अगस्त से लेकर 6 सितम्बर तक प्रस्तावित है। इस पर अंतिम मोहर काउंसिल की बैठक में लगेगी। डा. कपूर ने बताया कि यूपी लीग आयोजन से पहले हम प्रदेश के हर जिले में ट्रायल आयोजित करेंगे।
जिससे छुपि हुई प्रतिभाओं को निखारा जा सके। ट्रायल को पारदर्शी बनाने के लिए इस बार नेट्स के चारों तरफ हाई टेक कैमरे लगाये जायेंगे, प्रत्येक खिलाड़ी को पर्याप्त गेंद खेलने को मिलेंगी जिससे चयन प्रक्रियापर कोई भेदभाव के आरोप न लगा सके। चयन करने के लिए चयनकर्ताओं का भी विशेष पैनल तैयार किया जायेगा। तकरीबन 100 खिलाड़ी चयनित कर उन्हें नीलामी में रखा जायेगा।
जिसमें सभी छह फ्रेंचाइजी अपने पसंदीदा खिलाड़ियों का चयन करेंगी। इसके अलावा उन्होंने बताया कि नीलामी प्रक्रियाभी इस बार लाइव चलेगी जिसे हर कोई वेबसाइट पर देख सकेगा। यूपी टी-20 लीग के प्रसारण को लेकर उन्होंने बताया कि ब्राडकास्टर्स से बात चल रही है। जल्द ही इसकी घोषणा की जायेगी।


