फाइनल में मिलेनियम क्लब को सीधे सेटों में हराया, 14 टीमों ने लिया हिस्सा
Kanpur । आईआईटी कानपुर के शारीरिक शिक्षा अनुभाग की ओर से मंगलवार को आयोजित पुरुष आमंत्रण इंडोर वॉलीबॉल प्रतियोगिता हुई। इसमें न्यू स्टार क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में रॉयल स्पोर्टिंग, कानपुर विश्वविद्यालय, मिलेनियम क्लब, ग्रीन वैली, उन्नाव, रामा विश्वविद्यालय, एचबीटीयू, ग्रीन पार्क, कंबाइंड रेलवे, एफजीके आर्मापुर और आईआईटी कानपुर समेत 14 टीमों ने प्रतिभाग किया।
पहले सेमीफाइनल में न्यू स्टार ने मेजबान आईआईटी कानपुर को सीधे सेटों में 25-23, 25-22 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में मिलेनियम क्लब ने ग्रीन वैली को तीन सेट तक चले मुकाबले में 25-23, 22-25, 25-22 से पराजित किया। फाइनल में न्यू स्टार के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और प्रभावी स्मैश के दम पर मिलेनियम क्लब को 25-23, 25-20 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. चिन्मय कोले, वरिष्ठ वॉलीबॉल खिलाड़ी सर्वेंद्र सचान, रविंद्र सिंह और डॉ. आरएल सचान ने विजेता टीम को पुरस्कृत किया। मुकाबलों का संचालन अजित, अमरदीप, रितेश, अतुल शर्मा और अजब सिंह ने किया।


