नाला टैपिंग स्थल पर लगातार होगी सफाई, मंदिर-घाट पर गंदगी मिलने पर छह सफाईकर्मियों का एक दिन का काटा वेतन
Kanpur। शहर में मंगलवार को हुई बारिश के बाद परमट क्षेत्र में जलभराव की शिकायतों पर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने परमट संपवेल, परमट मंदिर और शेल्टर होम के आसपास का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि नाला टैपिंग स्थल पर लगी स्क्रीन में फ्लोटिंग मैटेरियल जमा होने और गेट वाल्व के पास अस्थायी अवरोध बनने से पानी की निकासी प्रभावित हुई थी। अब अवरोध हटाकर व्यवस्था सामान्य कर दी गई है।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परमट में नाला टैपिंग स्थल पर 24 घंटे कर्मचारियों की तैनाती रहेगी और स्क्रीन पर जमा होने वाले कचरे की नियमित सफाई कराई जाएगी। जलकल विभाग को भी गेट वाल्व पर चौबीसों घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की लापरवाही से यदि दोबारा जलभराव की स्थिति बनी तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान गलीपिट की सफाई और मरम्मत तत्काल कराने के साथ ही परमट मंदिर के वैकल्पिक मार्ग पर इंटरलॉकिंग और रिटेनिंग वॉल निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। नगर आयुक्त ने मंदिर परिसर और घाट के आसपास बड़ी मात्रा में सीएंडडी वेस्ट और गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने दो दिन के भीतर पूरा मलबा हटाने तथा एक सप्ताह तक विशेष सफाई अभियान चलाकर व्यवस्था दुरुस्त करने के आदेश दिए।
मंदिर परिसर,सीढ़ियों और घाट पर गंदगी मिलने पर सफाई नायक समेत छह सफाई कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने कहा कि बरसात के दौरान जलनिकासी और सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


