Kanpur । शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार लाने के लिए नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने सोमवार तड़के कई इलाकों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान लापरवाही पाए जाने पर पांच सफाई कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए।
यतीमखाना से बकरमंडी मार्ग पर गंदगी मिलने पर चार सफाई कर्मियों और एक सफाई नायक का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान सड़क पर कूड़ा बिखरा मिला और लंबे समय से सफाई न होने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई।
महावीर जयंती रथयात्रा को लेकर जनरलगंज क्षेत्र में भी तैयारियों का जायजा लिया गया। दिगंबर जैन पंचायती बड़ा मंदिर के संयोजक ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर संतोष जताया। रथयात्रा मार्ग पर 40 कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी और जोनल स्वच्छता अधिकारी को कार्यक्रम समाप्ति तक मौके पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
लकड़मंडी क्षेत्र में पटरी पर रखे लकड़ी के ढेर हटाने के लिए अतिक्रमण अभियान चलाने और यूजर चार्ज वसूलने के आदेश दिए गए। वहीं बजरिया चौराहे पर आउटसोर्स कर्मचारियों की बीट चेकिंग के निर्देश दिए गए और उपस्थिति पंजिका की जांच कर मैनपावर का सत्यापन कराने को कहा गया।
नगर आयुक्त ने बृजेंद्र स्वरूप पार्क और परशुराम वाटिका का भी निरीक्षण किया। मॉर्निंग वॉकर्स ने व्यवस्था पर संतोष जताया, जिसके बाद पार्क में सुबह की पाली में दो अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मोतीझील मेट्रो स्टेशन, हर्ष नगर, ईदगाह, चुन्नीगंज, लाल इमली, बड़ा चौराहा, बिरहाना रोड समेत कई प्रमुख मार्गों की सफाई व्यवस्था को भी बारीकी से परखा गया।


