तपेश्वरी मंदिर में सफाई और सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश, सीवर-जलभराव से लेकर सड़क निर्माण तक पर अफसरों को चेताया
Kanpur । नवरात्र के बीच नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बुधवार को शहर के मंदिरों, सड़कों और जलभराव वाले इलाकों का औचक निरीक्षण किया। तपेश्वरी मंदिर से लेकर लक्ष्मीपुरवा, सीएम ग्रिड रोड और कल्याणपुर उत्तरी तक निरीक्षण में मिली खामियों पर उन्होंने अफसरों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।बिरहाना रोड स्थित तपेश्वरी मंदिर में सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए तीन पालियों में सफाई जारी रखने को कहा। मंदिर परिसर से निकलने वाले फूल और नारियल अधिकृत संस्था को देकर रिसाइकिल कराने के निर्देश दिए।
मंदिर के पीछे निर्माण स्थल पर सीएंडडी वेस्ट मिलने पर तत्काल उठान और संबंधित से कम से कम 50 हजार रुपये यूजर चार्ज वसूलने को कहा। मंदिर के आसपास घूम रहे आवारा पशुओं को पकड़कर कांजी हाउस भेजने के निर्देश भी दिए।लक्ष्मीपुरवा में अफीमकोठी से पेट्रोल पंप तक करीब 100 मीटर जर्जर सीवर लाइन बदलने के निर्देश दिए गए। जलभराव से राहत के लिए दो अतिरिक्त पंप लगाने को कहा।
गुरुदेव चौराहे से आजाद नगर तक सीएम ग्रिड रोड पर काम की रफ्तार तेज करने के निर्देश दिए। दिन-रात काम कर समयसीमा में परियोजना पूरी करने को कहा। देरी पर कार्यदायी संस्था को ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी दी। कल्याणपुर उत्तरी में जलभराव और गलियों की समस्याओं के समाधान के लिए भी तत्काल पत्रावली तैयार करने के निर्देश दिए।


