मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना की समीक्षा में पार्क, शौचालय और स्ट्रीट लाइट सुधारने पर जोर
Kanpur । नगर निकाय अपनी आय बढ़ाने के लिए नए स्रोत विकसित करें और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बुधवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में नगर निकायों के कार्यों की समीक्षा करते हुए यह निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि निकायों की आय बढ़ने से नागरिक सुविधाओं के विकास और रखरखाव में मदद मिलेगी। उन्होंने अधिशासी अधिकारियों को गृहकर जमा करने के लिए नागरिकों को प्रोत्साहित करने और कर के दायरे में अधिक से अधिक भवनों को लाने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व के नए स्रोत तलाशने पर जोर दिया।
स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने घरों से कूड़ा संग्रहण, परिवहन और निस्तारण को प्रभावी बनाने को कहा। नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के साथ कूड़ा प्रबंधन में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना सहित शासन की विभिन्न योजनाओं की प्रगति भी परखी गई।
जिलाधिकारी ने पार्कों के सौंदर्यीकरण और रखरखाव, सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था तथा सड़कों पर प्रकाश के लिए लगी बत्तियों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बिल्हौर में गोशाला की स्थापना के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित करने को भी कहा। विकास कार्यों की नियमित निगरानी कर उन्हें निर्धारित समय में पूरा कराने पर जोर दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, अपर जिलाधिकारी (नगर) सौरभ सिंह सहित घाटमपुर और बिल्हौर नगर पालिका तथा शिवराजपुर और बिठूर नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे।


