Tuesday, August 4, 2026
HomeकानपुरKanpur : बुलेट ट्रेन परियोजना में कानपुर को प्रमुख स्टेशन बनाने की...

Kanpur : बुलेट ट्रेन परियोजना में कानपुर को प्रमुख स्टेशन बनाने की मांग, सांसद रमेश अवस्थी ने लोकसभा में उठाया मुद्दा

नियम-377 के तहत रेल मंत्री का ध्यान कराया आकर्षित, डीपीआर में संशोधन कर कानपुर को प्रमुख स्टेशन बनाने की अपील

Kanpur । दिल्ली-वाराणसी प्रस्तावित बुलेट ट्रेन (हाई-स्पीड रेल) परियोजना में कानपुर को प्रमुख स्टेशन के रूप में शामिल किए जाने की मांग संसद तक पहुंच गई है। कानपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद रमेश अवस्थी ने लोकसभा में नियम-377 के तहत यह मुद्दा उठाते हुए रेल मंत्री का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि परियोजना की प्रारंभिक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) में कानपुर को अपेक्षित महत्व नहीं दिया गया है, जिससे शहर और आसपास के जिलों के लोगों में निराशा है।

उत्तर प्रदेश की औद्योगिक राजधानी है कानपुर
सांसद रमेश अवस्थी ने अपने वक्तव्य और रेल मंत्री को भेजे पत्र में कहा कि कानपुर उत्तर प्रदेश की औद्योगिक राजधानी है। कपड़ा और चमड़ा उद्योग के साथ-साथ शहर आईटी, स्टार्टअप और विनिर्माण क्षेत्र का तेजी से उभरता केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन हजारों व्यापारी, उद्योगपति, छात्र और आम नागरिक दिल्ली तथा वाराणसी के बीच यात्रा करते हैं। ऐसे में बुलेट ट्रेन परियोजना में कानपुर को प्रमुख स्टेशन बनाना केवल क्षेत्रीय आवश्यकता ही नहीं, बल्कि परियोजना की व्यावसायिक सफलता के लिए भी जरूरी है।

मध्य यूपी के लाखों लोगों को मिलेगा लाभ
सांसद ने कहा कि कानपुर मध्य उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा संपर्क केंद्र है, जिस पर उन्नाव, कानपुर देहात, फतेहपुर, कन्नौज, औरैया, इटावा और आसपास के कई जिलों की बड़ी आबादी निर्भर है। यदि कानपुर को प्रमुख स्टेशन नहीं बनाया गया तो मध्य यूपी के लाखों लोग हाई-स्पीड रेल जैसी आधुनिक परिवहन सुविधा से वंचित रह जाएंगे। इससे परियोजना की सामाजिक और आर्थिक उपयोगिता भी प्रभावित होगी।

व्यापार, उद्योग और रोजगार को मिलेगी नई रफ्तार
रमेश अवस्थी ने कहा कि कानपुर को बुलेट ट्रेन नेटवर्क से जोड़ने से व्यापार, उद्योग, निवेश, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे। तेज और आधुनिक रेल संपर्क से दिल्ली, कानपुर और वाराणसी के बीच आवागमन आसान होगा, जिससे औद्योगिक गतिविधियों को नया बल मिलेगा और निवेशकों का विश्वास भी बढ़ेगा।

डीपीआर में संशोधन की मांग
सांसद ने केंद्र सरकार और रेल मंत्री से मांग की कि विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) में संशोधन कर कानपुर को प्रमुख स्टेशन के रूप में शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि यह निर्णय न केवल कानपुर बल्कि पूरे मध्य उत्तर प्रदेश के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई दिशा देगा तथा महत्वाकांक्षी बुलेट ट्रेन परियोजना को भी अधिक प्रभावी और जनोपयोगी बनाएगा।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...