Kanpur। ग्रीन पार्क स्टेडियम में हुए गेम्स में तीन से साढ़े आठ साल के 350 से ज्यादा बच्चों ने ताइक्वांडो, एथलेटिक्स, तीरंदाजी व रस्साकसी में पदक के लिए जोर लगाया। सोमवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम में कानपुर ओलिंपिक संघ के अध्यक्ष राघवेंद्र, उपाध्यक्ष आशीष ने बच्चों के मार्च पास्ट से बेबी गेम्स की शुरुआत की।

तीरंदाजी में रुद्र अनुराग गुप्ता, यथार्थ सिंह, आरिक, अहान व विहा ने विभिन्न आयुवर्ग में सटीक लक्ष्य साध स्वर्ण पदक जीता। रस्साकसी स्पर्धा में अथर्व, विहान, अद्विक, फहद की टीम ने स्वर्ण जीता। साढ़े तीन से साढ़े चार वर्ष के वर्ग में करियांश, स्पर्श, सात्विक, रिवान व अथर्व ने स्वर्णिम छाप छोड़ी। साढ़े चार से साढ़े छह आयुवर्ग में रशिक, अलिजा, अजादिरा, दर्शित व वीर ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

वहीं, एथलेटिक्स में श्रेया व आदित्य ने 100 मीटर में स्वर्ण पदक जीता।100 मीटर रिले दौड़ में डीपीएस कल्याणपुर को पहला, जयपुरिया को दूसरा व प्रभात पब्लिक स्कूल को तीसरा स्थान मिला। बालिका रिले में डीपीएस कल्याणपुर पहले, जीडी गोयनका दूसरे व प्रभाात पब्लिक स्कूल तीसरे स्थान पर रहा।
—–
ताइक्वांडो में इन बच्चों ने मारी बाजी
ताइक्वांडो के तीन से साढ़े चार आयुवर्ग में इटावा के रुद्रांश ने स्वर्ण, केतन ने रजत व मोहद ने कांस्य पदक जीता। बालिका वर्ग में गनिष्का को स्वर्ण, इनायशा को रजत व प्रिया को कांस्य पदक मिला। साढ़े चार से साढ़े छह आयुवर्ग में मलय को स्वर्ण, ऋषि को रजत व राजवीर को कांस्य पदक मिला। बालिका वर्ग में ईशानवी ने पहला, अनिका ने दूसरा व आकृति ने तीसरा स्थान हासिल किया। साढ़े छह से साढ़े आठ आयुवर्ग में अन्य व वैभवी ने स्वर्ण, अग्रिम व अभिमिथ ने रजत व अभिनंदन व अन्विका ने कांस्य पदक जीता।


