स्थायी समाधान के दिए निर्देश, बोले- जनता को जलभराव से जल्द मिले राहत
Kanpur। आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र के परमट में जलभराव की लगातार बनी समस्या को लेकर रविवार को विधायक अमिताभ बाजपेयी ने नगर निगम, जल निगम और जलकल विभाग के अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को जलनिकासी व्यवस्था में सुधार कर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि बरसात के मौसम में जलभराव से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में संबंधित विभाग समन्वय बनाकर तत्काल प्रभाव से राहत कार्य शुरू करें और ऐसी व्यवस्था विकसित करें जिससे भविष्य में भी यह समस्या दोबारा न हो।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। लोगों को जल्द से जल्द जलभराव से राहत मिलनी चाहिए और आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान कीर्ति अग्निहोत्री, सुरभित जायसवाल, सचिन यादव, राजेश कन्नौजिया सहित अन्य कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने भी जलनिकासी की समस्या से विधायक को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।


